बागपत। कोरोना कर्फ्यू के चलते जिले में कक्षा नौ से 12 तक के छात्रों की ऑनलाइन क्लास चलाई जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वेश कुमार ने शुक्रवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बड़ौत और राजकीय हाईस्कूल बसौद में संचालित व्हाट्सएप वर्चुअल क्लासेस के ग्रुप में जुड़कर ऑनलाइन पठन-पाठन की मॉनिटरिंग की।
उन्होंने संस्थाओं के प्रधानाचार्यों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूर्ण समयावधि तक ऑनलाइन पढ़ाई को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक छात्रों को ऑनलाइन क्लासेस से जुड़वाकर शिक्षण का लाभ प्रदान करने के लिए कहा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने ऑनलाइन क्लास की मॉनिटरिंग के लिए नामित नोडल अधिकारियों को विद्यालयों में समय-सारिणी प्राप्त कर अलग-अलग विद्यालयों में संचालित ऑनलाइन क्लास के ग्रुप में जुड़कर मॉनिटरिंग कर समय-सारिणी के अनुसार सुव्यवस्थित ढंग से कक्षाओं का संचालन कराने के निर्देश दिए। छात्रों को पढ़ाई हेतु माध्यमिक शिक्षा परिषद के यू-ट्यूब चैनल पर उपलब्ध शैक्षिक वीडियो के लिंक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी प्रधानाचार्यों को शत-प्रतिशत विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा उपलब्ध कराने में सहयोग करने के निर्देश दिए।