बागपत। जिला अस्पताल में पथरी का ऑप्रेशन कराने पहुंची खामपुर गांव की महिला कोरोना पॉजिटिव निकली है। स्वास्थ्य विभाग ने उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। महिला के परिजनों का सैंपल लिया गया है। सर्वे कर लोगों का जागरूक किया गया। ककड़ीपुर गांव में दो और छपरौली में एक संक्रमित मिला है। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 432 हो गई है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ विभाष राजपूत ने बताया कि खामपुर गांव निवासी महिला शनिवार को जिला अस्पताल में पथरी का ऑप्रेशन कराने के लिए पहुंची थी। स्वास्थ्य विभाग ने नियमानुसार महिला का कोविड टेस्ट किया, जिसमें वह पॉजिटिव मिली। इसके बाद महिला को कोविड अस्पताल शिफ्ट किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर सर्वे किया और मोहल्ले को सील किया गया है। छपरौली सीएचसी के अधीक्षक डॉ अजेंद्र मलिक ने बताया कि कस्बे में एक युवक संक्रमित मिला है। मोहल्ले के लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इसके अलावा ककड़ीपुर गांव में दो युवक संक्रमित मिले हैं। संक्रमित मिले लोगों को कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। सर्वे अभियान जारी रहेगा।
जिवानी में लिए गए 151 सैंपल
बड़ौत। जिवानी गांव में कुछ दिन पूर्व एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव केस आया था। शुक्रवार रात इसी परिवार के तीन लोगों ओर कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। शनिवार को सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार टीम के साथ गांव पहुंचे और सर्वे कार्य किया। यहां से टीम ने 80 लोगों के सैंपल लिए और 210 लोगों को होम क्वारंटीन किया। इसके बाद टीम ने गुराना ने गांव मेें सर्वे किया और 10 लोगों के सैंपल लेकर 40 लोगों को होम क्वारंटीन किया। ढिकाना, जौनमाना गांव में सर्वे कर 61 लोगों के सैंपल लिए और 60 से अधिक लोगों को होम क्वारंटीन किया। सीएचसी अधीक्षक ने लोगों से घरों में रहने की अपील की।