बड़ौत। ट्यौढ़ी गांव से अपने प्रेमी के साथ भागी युवती ने धर्म परिवर्तन कर मुजफ्फरनगर आर्य समाज मंदिर में शादी रचाई। बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट में जाकर कोर्ट मैरिज की। पुलिस ने प्रेमी युगल को दबोचा। न्यायालय में युवती के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
ट्यौढ़ी गांव के एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाली एक युवती का जौहड़ी गांव के एक युवक से प्रेम-प्रसंग हो गया और दोनों ने साथ जीने मरने की कसम खा ली। सात अप्रैल को दोनों घर से भाग निकले और उन्होंने 10 अप्रैल को मुजफ्फरनगर आर्य समाज मंदिर में शादी की। युवती ने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम बदल डाला। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंचकर कोर्ट मैरिज की। वहीं युवती के परिजनों ने बड़ौत कोतवाली में बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शुक्रवार को मुजफ्फरनगर से प्रेमी युगल को दबोच कर कोतवाली ले आई। युवती ने कहा वह अपने प्रेमी के साथ शादी रचा चुकी है और कोर्ट मैरिज भी कर ली है। अब वह उसी के साथ रहेगी। कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया युवती का न्यायालय में बयान दर्ज कराया जाएगा। बयान के आधार पर ही इस मामले में आगे कार्रवाई होगी।