बागपत/अग्रवाल मंडी टटीरी। गंगा दशहरे के अवसर पर रविवार को नगर के पक्का घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यमुना में डुबकी लगाई। वहीं, नगर के मंदिरों के अतिरिक्त गुफा मंदिर पर विशेष पूजा अर्चना की गई। नगर में जगह-जगह भंडारे और मीठे पानी का वितरण किया गया। उधर, अग्रवाल मंडी टटीरी में भी प्याऊ लगाकर शर्बत पिलाया गया।
गंगा दशहरे के अवसर पर नगर के पक्का घाट पर सुबह से ही भीड़ लगनी शुरू हो गई। श्रद्धालुओं ने यमुना में डुबकी लगाकर विशेष पूजा-अर्चना की। उधर, गुफा मंदिर पर गंगा दशहरे पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। दूरदराज से आए श्रद्धालुओं ने बाबा के मंदिर में पूजा-अर्चना कर मन्नतें मांगीं। मंदिर के गेट पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। नगर के पक्का घाट मंदिर, ठाकुरद्वारा मंदिर, बागेश्वर मंदिर, शालीग्राम मंदिर, मेरठ-बागपत रोड स्थित शिव मंदिर में लोगों ने पूजा-अर्चना कर प्रसाद बांटा। नगर में जगह-जगह मीठे पानी का वितरण किया। नगर की कश्यप कॉलोनी में बाबा बुद्धराम की कुटी में भंडारे का आयोजन किया गया।
उधर, अग्रवाल मंडी टटीरी में गंगा दशहरे पर समाजसेवियों ने होली चौक देशवाल पट्टी में प्याऊ लगाकर शर्बत् पिलाया। यहां कुलदीप, नरेश कुमार, संजय, शोभित, कल्लू, बिल्लू, तेजपाल, धनु, सुरेश, निक्की का सहयोग रहा।
आज के दिन अवतरित हुई थी गंगा
ज्योतिषाचार्य पंडित राजकुमार शर्मा ने बताया कि राजा भगीरथ की कठिन तपस्या के बाद ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की दशमी को गंगा माता का पृथ्वी पर अवतरण हुआ था। आज के दिन गंगा मां में स्नान करने के बाद दान करना शुभ माना जाता है। आज के दिन मीठा जल, सत्तू का दान करने से पूर्वज खुश होते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है।