अमीनगर सराय (बागपत)। कोल्हू संचालक से शनिवार सुबह हुई 7.40 लाख की लूट के मामले में पुलिस ने कई टीमें गठित की। कई लोगों से पूछताछ की, लेकिन अभी भी पुलिस इस मामले में खाली हाथ है।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के शोभापुर निवासी धीर सिंह व उनका छोटा भाई मोनू गांव में ही कोल्हू चलाते है। शनिवार दोपहर दोनों भाई रोशनगढ़ गांव में एक व्यापारी से गुड़ का हिसाब करके 7.40 लाख रुपये लेकर गांव लौट रहे थे। हिसावदा गांव के निकट पीछे से आए तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर दोनों भाइयों को रोक लिया। नकदी का थैला, बाइक और दो मोबाइल लूटकर बदमाश डोला गांव की ओर फरार हो गए थे। सूचना मिलने पर एएसपी मनीष कुमार मिश्रा और सीओ अनुज मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे। घंटों बदमाशों की तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। एसओ रवि रत्न सिंह का कहना है कि बदमाशों को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।