अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। भाजपा विधायक योगेश धामा ने सड़कों और हिंडन नदी पर पुल की मांग को लेकर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात की। विधायक के मुताबिक डिप्टी सीएम ने भरोसा दिया कि झूंडपुर गांव में कृष्णा नदी पर जल्द पुल बनेगा।
विधायक योगेश धामा ने लखनऊ में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि बागपत चमरावल मार्ग के सुदृढ़ीकरण और दोहरीकरण की मांग की गई। कोविड के कारण मार्ग के निर्माण में दिक्कत आ रही है। इसके अलावा उनके क्षेत्र के करीब 20 संपर्क मार्गों की मरम्मत और निर्माण का आश्वासन दिया गया है। इनकी जानकारी संबंधित विभाग से मांगी जा रही है। झूंडपुर गांव के किसानों की समस्या को देखते हुए कृष्णा नदी पर पुल निर्माण की मांग रखी गई। डिप्टी सीएम ने कहा कि जल्द ही किसानों की इस बड़ी समस्या का समाधान किया जाएगा। किसानों के सामने परेशानी नहीं होने दी जाएगी।