बागपत। जिले में शुक्रवार की सुबह और रात में घने कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। इससे नेशनल हाईवे समेत अन्य मार्गाें पर वाहनों की रफ्तार थाम दी। इसके चलते वाहन सड़कों पर धीमी गति से चलते नजर आए।
घने कोहरे के साथ ठंड भी बढ़ गई, इससे जिले का तापमान लुढ़ककर छह डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। सुबह घना कोहरा होने के बाद धूप निकली तो लोगों ने राहत की सांस ली। इसके चलते जिले का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार शाम होते ही कोहरा फिर से छाने लगा और रात होने पर काफी बढ़ गया। इससे दृश्यता भी काफी कम हो गई। नेशनल हाईवे पर घना कोहरा अधिक होने के कारण चालक वाहन साइड में लगाकर खड़े रहे।