रमाला (बागपत)। रमाला गांव के छात्र प्रियांशु (19) ने एमबीए में दाखिला नहीं मिलने पर अपने पिता अजय चौहान की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सोमवार शाम गांव में प्रियांशु का अंतिम संस्कार किया गया।
रमाला निवासी अजय चौहान पिछले दस साल से अपने परिवार के साथ ग्रेटर नोएडा स्थित आम्रपाली लेजर वैली सोसायटी में रहते हैं। सोमवार की सुबह उनके बड़े बेटे प्रियांशु ने पार्क में अपने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उसके चाचा दीपक ने बताया कि प्रियांशु नोएडा के कॉलेज से एमबीए करना चाहता था। एमबीए में दाखिला नहीं मिलने की वजह से वह परेशान चल रहा था।
सोमवार शाम पोस्टमार्टम के बाद प्रियांशु का शव गांव लाया गया। परिजनों ने बताया कि सुसाइड नोट में प्रियांशु ने छोटे भाई और पिता का ध्यान रखने के लिए भी लिखा। छात्र की मौत से रमाला गांव में शोक छा गया। इस मामले में सीओ बड़ौत विजय कुमार ने जानकारी होने से इंकार किया। उनका कहना है कि घटना नोएडा की है, वहीं की पुलिस जांच कर रही है।
थानों में मिशन शक्ति केंद्रों का शुभारंभ हुआ
बागपत। जिले के सभी थानों में सोमवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत मिशन शक्ति केंद्र का शुभारंभ किया गया। दोघट में अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल महिला खिलाड़ी तनु राठी ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इनके अलावा बड़ौत में जिपं अध्यक्ष ममता किशोर, चेयरमैन बबीता तोमर ने शुभारंभ किया। इनके अलावा बागपत कोतवाली, रमाला थाना, बालैनी, छपरौली समेत सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन किया गया। एसपी सूरज कुमार राय ने छात्राओं को जागरुक करते हुए सम्मानित भी किया।
- चोरी का खुलासा करने पर सम्मानित किया
रटौल। फुलेरा गांव के जंगल में स्थित दादी महाराज जी मंदिर से चांदी की खड़ाऊं चोरी की घटना का खुलासा करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी अतर सिंह, एसआई विकुल कुमार और सिपाहियों को माला पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर धर्मेंद्र कुमार, बलराज, अरुण भाटी, गणेश कुमार, रामेश्वर शर्मा, ओमवीर, मोनू शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।
- फांसी के फंदे पर लटका मिला मजदूर का शव
बालैनी। बाखरपुर बालैनी गांव में सिद्धार्थ के घर में नौकरी करने वाले मजदूर धनपत (55) निवासी गुलावठी जिला बुलंदशहर का शव टोल प्लाजा के समीप स्थित खेत में पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। वहां आए पुलिसकर्मियों ने जांच पड़ताल की और धनपत के परिजनों को इसकी जानकारी दे दी। सिद्धार्थ ने बताया कि धनपत कई साल से उनके यहां नौकरी करता था, जो तीन भाइयों में बड़ा था। धनपत सोमवार की सुबह चार बजे लापता हो गया था। उधर, पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर चले गए।
- पिता के डांटने पर घर से गई किशोरी
छपरौली। क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी बेटी को डांट दिया। इससे क्षुब्ध होकर किशोरी घर से चली गई। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही किशोरी को तलाश लिया जाएगा।
- चोरी का खुलासा करने की मांग की
दोघट। टीकरी कस्बा निवासी किसान भूरा, रविंद्र, मोंटी ने बताया कि दो दिन पहले उनके नलकूपों के ताले और दीवार तोड़कर कटआउट, किट, केबल समेत अन्य उपकरण चोरी कर लिए गए थे। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई, लेकिन अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।
- मंदिर के धन का गबन करने का आरोप लगाया
छपरौली। सादिकपुर सिनौली गांव निवासी राजवीर सिंह ने बताया कि कुछ लोग मंदिर के धन का गबन करना चाहते हैं। आरोप लगाया कि मंदिर में जो कार्य कराए गए, उनके बिल भी पक्के नहीं है। उन्होंने दो साल का हिसाब रजिस्टर में दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया। मंदिर का गेट बनवाने के लिए दान में दिए गए 51 हजार रुपयों का भी हिसाब नहीं दिया। धन के गबन की शिकायत करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- छेड़छाड़ का विरोध करने पर सरिए से हमला
रमाला। क्षेत्र के एक गांव निवासी भाई बहन सोमवार दोपहर रिश्तेदारी में जाने के लिए असारा रेलवे हाल्ट पर पहुंचे। वहां पर आए कुछ युवकों ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ कर दी। किशोरी के भाई ने विरोध किया तो उस पर सरिए से हमला कर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। वहां आए पुलिसकर्मी तीन युवकों को पकड़कर थाने ले गए। पुलिस ने बताया कि घायल का उपचार कराया जा रहा है, इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- वेतन नहीं मिलने पर संविदा कर्मियों ने धरना दिया
बागपत। ऊर्जा निगम में तैनात संविदाकर्मियों ने कंपनी पर वेतन नहीं देने का आरोप लगाते हुए अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर पहुंचकर धरना दिया। उन्होंने कंपनी पर महीने की सात तारीख को वेतन का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया। इस मौके पर नरेश चौधरी, अंकित शर्मा, राहुल, कार्तिक, शाहरुख, कपिल समेत अन्य मौजूद रहे। उधर, अधीक्षण अभियंता जगदीश चंद्र यादव ने कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुृति कर मेरठ के अफसरों को इसकी जानकारी दी।
- विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित
बालैनी। सिंघावली अहीर बिजली घर के अवर अभियंता संजय कुमार ने बताया कि मंगलवार को नए विद्युत पोल लगाने का काम किया जाएगा। इसके चलते बिजलीघर से जुड़े सिंघावली अहीर, सैडभर, बालैनी, हबीबपुर नंगला, नवादा बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।