11 दिन में मांग पूरी नहीं हुई तो मिल पर शुरू होगा धरना
बड़ौत। बकाया गन्ना भुगतान न होने के विरोध में बुधवार को बावली गांव के ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया। तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए मिल व तहसील प्रशासन को 11 दिन की चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर मिल पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
मलकपुर चीनी के किसानों ने कहा कि हर साल उनका गन्ना मिल में जाता है। मिल पर गत वर्ष हजारों किसानों का लगभग 200 करोड़ रुपये बकाया है। इसके बावजूद भी मिल किसानों को बकाया गन्ना भुगतान नहीं कर रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि मिल में गन्ना लेकर जाने वाले किसानों के लिए पेयजल की व्यवस्था नहीं है। कई बार शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में वरुण तोमर, उदयवीर सिंह, मनोज कुमार, गौरव, विनोद कुमार, सुरेशपाल, कृष्णपाल, राममेहर, राजपात, रोहित, अमरपाल, अजय, कमलदीप, बिजेन्द्र सिंह, नरेन्द्र पहलवान आदि रहे।