एक सप्ताह बाद भी अंकित हत्याकांड के आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी पुलिस
बड़ौत। निरोजपुर गुर्जर गांव के अंकित हत्याकांड में एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। बुधवार को अंकित के परिजनों ने कोतवाली में प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
सरूरपुर-बिहारी मार्ग पर स्थित एक ईंट भट्टे से काम कर लौट रहे नौरोजपुर गुर्जर गांव के रहने वाले 28 वर्षीय अंकित पुत्र रोशनलाल की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसका शव दिल्ली सहारनपुर हाईवे स्थित एक खाली प्लॉट में पेट्रोल पंप के पास पड़ा मिला था। मृतक के भाई अरुण की तहरीर पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के सोनू पुत्र रवि, मुकेश, बंटी निवासीगण बड़ौत और अंकित के साढू़ राजेश निवासी पूर्वालयान जनपद मुजफ्फरनगर के खिलाफ हत्या में मुकदमा दर्ज कर लिया था। सचिन, प्रवीण, सुभाष, प्रमोद, राजवीर, आदित्य, जयप्रकाश, संजीव आदि परिजनों का आरोप है कि एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस हत्यारोपियों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर खुलासे की मांग की। उधर, सीओ युवराज सिंह का कहना है कि इस हत्याकांड में दो ओर लोगों को हिरासत में लिया गया है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।