बड़ौत। भगवा हिंदू वाहिनी के युवा जिलाध्यक्ष पर आधा दर्जन युवकों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने के विरोध में सोमवार को संगठन के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित सीओ कार्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर एसपी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी।
सोमवार को काफी संख्या में कार्यकर्ता सीओ कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि संगठन के युवा जिलाध्यक्ष दीपांशु गुप्ता पुत्र रविंद्र गुप्ता निवासी कोताना रोड पर गत तीन मार्च को दिल्ली बस स्टैंड के नजदीक आधा दर्जन युवकों ने उस समय हमला बोल दिया था। उस दौरान वे अपने भाई दीपांशु गुप्ता के साथ बावली रोड स्थित वासु फिटनेस जिम से घर लौट रहे थे। हमलावरों ने पहले युवा जिलाध्यक्ष का नाम पूछा और फिर उन पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने उन्हें घायल कर दिया। यह घटना वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। इसके बावजूद पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी से पूछताछ कर बिना कार्रवाई किए छोड़ दिया। वहीं, सीओ हरीश भदौरिया ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। प्रदर्शनकारियों में संगठन के जिलाध्यक्ष अमरपाल सिंह, दीपांशु गुप्ता, रवींद्र गुप्ता, मनीष शर्मा, अंकित शर्मा, शेखर पंवार, पुलकित त्यागी, संदीप जैन शामिल रहे।