रटौल। धौली प्याऊ-बंथला मार्ग पर पानी निकासी न होने के कारण मार्ग टूटने लगा है। जगह-जगह गड्ढों के कारण ग्रामीण चोटिल हो रहे हैं। इसके विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम से मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।
धौली प्याऊ-बंथला मार्ग स्थित भगौट गांव में 10 साल से दो सौ मीटर सड़क की हालत काफी खराब है। मार्ग पर पानी निकासी का कोई रास्ता नहीं है। यहां बारिश के समय जलभराव रहता है और जगह-जगह से मार्ग टूटा हुआ है। इसके विरोध में समाजसेवी प्रमोद गोस्वामी ने शनिवार को हाथ में दीया मार्ग के बीच में बैठकर विरोध जताया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण मार्ग में गड्ढे होने के कारण गिरकर चोटिल हो रहे हैं। एक माह में 20 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। कई बार विभागीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को शिकायत भी की है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्ग का निर्माण नहीं किया गया तो वह भूख हड़ताल करेंगे।
इस दौरान महाराम गुर्जर, सभासद हसमत चौधरी, प्रमोद गोस्वामी, चरण सिंह, संतराम, राजेंद्र, करण सिंह, पप्पू, जितेंद्र, करण सिंह, रामशरण, बेदी, प्रदीप, वरुण मौजूद रहे।
-
- भागौट गांव में तालाब का पानी मार्ग पर आने के कारण टूट रहा है। कई बार डीपीआरओ को पत्र लिखा गया है, लेकिन इसके बाद भी मार्ग पर पानी को रोका नहीं जा रहा है। इससे विभाग को नुकसान हो रहा है। मार्ग पर सीसी रोड बनाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। बजट आते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। -विक्रम सिंह, अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग