वन विभाग की जमीन पर अवैध कब्जे के विरोध में प्रदर्शन
बिनौली। शेखपुरा गांव के जंगल में वन विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा कराए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और वन दरोगा पर अवैध कब्जा कराने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत डीएफओ, मुख्य वन संरक्षक व प्रदेश के मुख्यमंत्री से की गई।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों में जमालू, हाशम अली, जावेद, इमरान, कल्लू आदि ने बताया कि शेखपुरा गांव के जंगल में वन विभाग की सरकारी भूमि है। आरोप लगाया कि एक वन दरोगा ने पहले बरनावा क्षेत्र के जंगल में भू-माफियाओं का अवैध कब्जा कराया और अब शेखपुरा गांव के जंगल में भी कुछ लोगों से पैसे लेकर पेड़ कटवाकर अवैध कब्जा करा दिया है। अब भू-माफियाओं ने उक्त जगह पर मकान भी बना दिया है, जबकि विभागीय अभिलेखों में विभाग की जमीन दर्ज है। आरोप लगाया कि वन दरोगा को विभागीय अफसरों का संरक्षण प्राप्त है, तभी एक-के बाद एक सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करा रहे है।
उन्होंने डीएफओ, मुख्य वन संरक्षक मेरठ व प्रदेश के मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है। उधर वन रेंजर राजपाल ने मामले ने अनभिज्ञता जताई है। वहीं आरोपी वन दरोगा ने आरोपों को निराधार बताया।