ग्राम बदरखा के खादर में अवैध खनन पर विधायक लोकेश दीक्षित ने कलक्ट्रेट में हंगामा किया तो पुलिस और प्रशासन की टीम ने बदरखा में पीएससी के साथ छापा मारा। जिससे खादर क्षेत्र में भगदड़ मच गई। प्रशासन ने माफियाओं द्वारा बनाए गए रास्ते को खुर्द-बुर्द करा दिया। साथ ही खेतों में रास्ता बनवाने वाले 15 किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है।
बदरखा खादर में रेत का अवैध खनन किए जाने का मामला उजागर होने के बाद विधायक लोकेश दीक्षित ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की मिलीभगत ने यमुना के आसपास के गांवों के लिए खतरा पैदा कर दिया है। माफियाओं ने न सिर्फ यमुना की धारा मोड़ दी, बल्कि यमुना के बीच में तीन किलोमीटर लंबा बांध बना डाला। यही नहीं यूपी की जमीन पर हरियाणा का बोर्ड लगाकर पौर्कलेन मशीनों से बड़े स्तर पर खनन किया जा रहा है। जबकि अभी तक यूपी-हरियाणा की भूमि का सीमांकन तक नहीं हुआ है। माफियाओं ने यमुना में बनी सौ वर्ष पुरानी ठोकर तक तोड़ डाली।
उन्होंने जिलाधिकारी नरेंद्र शंकर पांडेय, पुलिस अधीक्षक आरएस छवि, एडीएम राकेश कुमार मालपाणी और एएसपी विद्या सागर मिश्र को ज्ञापन देकर चेतावनी दी कि गांवों को खतरे से बचाने के लिए रेत खनन को नहीं रुकवाया गया तो वह आसपास के सभी गांवों के लोगों के साथ कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन करेंगे।
विधायक लोकेश दीक्षित की चेतावनी के बाद एसडीएम यशवर्धन श्रीवास्तव, पुलिस क्षेत्राधिकारी राजवीर सिंह ने पुलिस एवं पीएससी को लेकर बदरखा-काकौर के खादर में छापा मारा। छापा लगते ही भगदड़ मच गई। खनन कर रहे लोग भाग खड़े हुए। हालांकि अधिकारियों ने खनन की मशीनों को हरियाणा सीमा में बताते हुए जब्त नहीं किया। लेकिन रेत खनन के लिए बनाए गए रास्ते को ट्रैक्टर चलवाकर खुर्द-बुर्द कर डाला। जबकि किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
माफियाओं की बजाय किसानों पर कराई एफआईआर
प्रशासन ने खनन माफिया की बजाय किसानों पर ही कार्रवाई कर डाली। जिन किसानों के खेतों में खनन माफिया द्वारा रेत ले जाने के लिए रास्ता बनाया था। उन 15 किसानों के खिलाफ ही एफआईआर करा दी। जबकि माफिया के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उपजिलाधिकारी यशवर्धन श्रीवास्तव का कहना है कि उन्होंने रेत खनन के लिए बनाए गए रास्ते को खुर्द-बुर्द कर दिया है। साथ ही जिन किसानों ने अपने खेतों में रास्ता दिया है उन 15 किसानों पर कार्रवाई कराई गई है।