बागपत। भाजपा विधायक योगेश धामा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर जिले की कई समस्याओं के समाधान की मांग की। दाहा में राजकीय कन्या डिग्री कॉलेज बनवाने, झूंडपुर में हिंडन पर पुल, नंगला बहलालपुर के किसानों की समस्या और जिले में स्थापित हो गई प्रदूषण फैलाने वाली फैक्टरियों बंद करवाने की मांग की।
विधायक योगेश धामा ने बताया कि दाहा गांव में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में राजकीय कन्या डिग्री कॉलेज बनाने की मांग की गई है। बताया कि यहां पर पर्याप्त भूमि भी उपलब्ध है। नंगला बहलोलपुर के 32 किसानों पर हरियाणा में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को हरियाणा के मुख्य सचिव से बात कर समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिया। झूंडपुर गांव में हिंडन नदी पुल बनवाने के लिए ग्रामीण मांग करते आ रहे है। उप मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखा है। सीएम ने तत्काल पुल का प्राक्कलन तैयार कराने के निर्देश दिए है। इसके अलावा बताया कि एनजीटी के आदेश पर गाजियाबाद जनपद के लोनी से प्रदूषण फैला रही फैक्टरियां बंद करवा दी है। यह फैक्ट्रियां उनकी विधानसभा क्षेत्र में स्थापित करा दी गई है। इससे जिले का प्रदूषण निरंतर बढ़ रहा है। उसकी मांग पर मुख्यमंत्री ने उच्च स्तरीय टीम गठित कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।