बागपत के बड़ौत में अघोषित विद्युत कटौती के विरोध में बृहस्पतिवार को मुस्लिम वर्ग के लोगों का गुस्सा फूटा पड़ा। उन्होंने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जाम लगाकर हंगामा किया और सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आंदोलनकारियोंऔर पुलिस में नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में कोतवाली प्रभारी ने क्षुब्ध लोगों को समझा-बुझाकर शांत कर हाईवे को खुलवाया। हाईवे पर जाम लगने हजारों लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
आंदोलित लोगों ने बताया विगत एक सप्ताह से नगर में लोगों को मात्र तीन से चार घंटे ही सप्लाई मिल रही है, वह भी संविदा कर्मचारी और निगम के कर्मचारी विद्युत फाल्टों के बहाने निकाल देते हैं। इस कारण पेयजल संकट गहरा गया है। उन्होंने रमजान और ईद पर 24 घंटे सप्लाई देने के आदेश को भी हवाई बताया। उन्होंने कहा ऊपर से तो बिजली ठीक मिल रही है, लेकिन एक्सईएन प्रथम पर तैनात कर्मचारी लोगों से अवैध वसूली कर फाल्टों के बहाने सप्लाई खराब कर रहे हैं। आरोप लगाया कि शाम के समय तो अधिकांश कर्मचारी शराब के नशे में होते हैं, इसके बाद चाहे तार टूटे या फिर ट्रांसफार्मर फूंके, उन्हें इसकी जरा भी फ्रिक नहीं। बिजली नहीं आने से ईद पर पानी के लिए भी लोग तरस गए है।
हाईवे पर हंगामा बढ़ता देखकर कोतवाली प्रभारी वीके सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आंदोलन कर रहे लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। जाम लगने के कारण सैकड़ों वाहन चालक करीब डेढ़ घंटे जाम में फंसे रहे। इस संबंध में जेई आलोक ने कहा आरोपों की जांच होगी। ड्यूटी में लापरवाही बर्दास्त नहीं होगी। इनमेें जमील, शकील, मेहरबान, जावेद, आबिद, शब्बीर, सलीम, बिल्लू, कल्लू, हैदर, सुक्का, महताब, महबूब, याकूब, अय्यूब, रहीसुद्दीन, आरिफ आदि रहे।
बिनौली में एसएसओ को बंधक बनाकर किया हंगामा
बिनौली। थाना क्षेत्र के बिनौली, सिरसली, रंछाड आदि गांवों में गत एक सप्ताह से बिगड़ी बिजली व्यवस्था से आक्रोशित लोगों ने बृहस्पतिवार को रालोद नेता राजू तोमर सिरसली के नेतृत्व में बिनौली बिजलीघर परिसर में जमकर हंगामा किया और सूचना के बाद विभागीय अफसरों के न पहुंचने पर वहां पर मौजूद एसएसओ देवेंद्र धामा को बंधक बना लिया।
इस दौरान आक्रोशित लोगों ने बिजलीघर पर तालाबंदी करने का प्रयास भी। रालोद नेता राजू तोमर ने कहा सिरसली समेत क्षेत्र के अन्य गांवों में बिजली व्यव्स्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। जगह-जगह विद्युत लाइन के तार टूटे रहे हैं और ट्रांसफार्मर फूंक रहे हैं। शिकायत करने के बाद भी संबंधित अधिकारी समस्या हल करने में रुचि नहीं ले रहे हैं ।
सप्लाई ठीक नहीं होने के कारण क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। क्षेत्र में लगे लघु उद्योग ठप हो गए हैं। उद्योगों के ठप होने से लोगों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। नलकूप ठप होने से फसल प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। इनमेें विनय धामा, मनवीर, चेतन, पिंकू, शेखर, योगपाल तोमर, भोपाल सिंह, जसवीर, मकसूद आदि रहे।