94 से 96 प्रतिशत पहुंची रिकवरी दर स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में
1.34 से घटकर 1.26 रह गई कोरोना संक्रमण फैलने की दर
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कोरोना की तीसरी लहर में संक्रमण की दर घट रही है, जबकि ठीक होने यानि रिकवरी दर बढ़ रही है। इसके साथ मरीज संक्रमण से तेजी से निजात पा रहे हैं। अब तक जिले में एक भी गंभीर मरीज नहीं मिला है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा हो। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 23 जनवरी को रिकवरी दर 94.11 थी, जो 29 जनवरी को बढ़कर 96.38 हो गई है। संक्रमण फैलने की दर 1.34 से घटकर 1.26 हो गई है।
कोरोना की तीसरी लहर को लेकर तेजी से संक्रमण बढ़ने की आशंका जताई जा रही थी। जिले में एक दिन में सबसे अधिक 342 तक संक्रमित मिले, मगर अब संक्रमण की दर लगातार घट रही है। स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है। संक्रमण की दर कम होने से स्वास्थ्य विभाग ने भी राहत की सांस ली है। कोरोना की तीसरी लहर में जनपद में 30 जनवरी तक 1911 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, 1658 लोग रिकवरी कर चुके हैं। जनवरी में संक्रमण से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है, मगर तीनों ही पुरानी गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। 25 जनवरी से अब तक बागपत में 269 लोग संक्रमित मिले हैं जबकि 429 लोग स्वस्थ हुए हैं।
रोजाना 1100 लोगों की जांच
स्वास्थ्य विभाग की ओर से रोजाना 1100 से अधिक लोगों की जांच की जा रही है। जिला अस्पताल के अतिरिक्त सीएचसी में उपचार के लिए आने वाले लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जिले में अब केवल 258 सक्रिय मामले रह गए हैं। 1658 मरीज घर पर स्वस्थ हो चुके हैं।
तिथिवार संक्रमित और स्वस्थ
तिथि संक्रमित स्वस्थ हुए
30 जनवरी 19 27
29 जनवरी 46 82
28 जनवरी 46 54
27 जनवरी 43 121
26 जनवरी 08 46
25 जनवरी 107 99
कुल 269 429
जिले में संक्रमण दर में कमी और रिकवरी में बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद संक्रमण से बचाव के लिए एहतियात बरतना जरूरी है। संक्रमण से बचाव के लिए मास्क लगाएं तथा भीड़ वाले क्षेत्रों से दूर रहें। -डॉ. दिनेश कुमार, सीएमओ
चार महिला सहित 19 मिले संक्रमित
बागपत। जनपद में रविवार को 19 लोग संक्रमित मिले है। जिले में 1911 संक्रमित हो गए है जबकि 1658 लोग ठीक हो चुके है। अब केवल 258 केस एक्टिव है। सीएमओ डॉ दिनेश कुमार ने बताया कि रविवार को खेकड़ा नगर की एक महिला व युवक, हिसावदा गांव का एक युवक, बंदपुर का युवक, गुराना रोड बड़ौत का युवक, विजवाड़ा का युवक, मुकारी का एक युवक, मुकरी का युवक व बसौद की एक महिला, पिलाना गांव के दो युवक, खेड़की की महिला, निरपुड़ा का एक युवक संक्रमित मिला है। संक्रमितों को होम आइसोलेट कर उपचार शुरू कर दिया है। संक्रमण से बचाव के लिए कोविड गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए है।