25 रुपये में मिलता है मौत का पव्वा
चमरावल समेत गाजियाबाद बॉर्डर के कई गांवों में होती है अवैध शराब की बिक्री
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। चांदीनगर क्षेत्र के चमरावल गांव में मौत का मातम पसरा है। क्षेत्र में खुलेआम बिक रही अवैध शराब से लोग मर रहे हैं। क्षेत्र की सीमा गाजियाबाद से लगती है। नशेड़ी हिंडन नदी पार कर सुराना के जंगल से 25 रुपये में कच्ची शराब लेकर आते हैं। इसके अलावा बॉर्डर के ललियाना मंसूरपुर समेत छह-सात गांवों में खुलेआम अवैध शराब का खेल चलता है।
चमरावल गांव मुरादनगर मार्ग पर बसा है। चांदीनगर थाने के ललियाना चेकपोस्ट को पार करते ही गाजियाबाद जिले की सीमा शुरू होती है। हिंडन नदी पार करते ही सुराना गांव है। सुराना के जंगल में बड़े पैमाने पर कच्ची शराब का अवैध धंधा होता है। यही वजह है कि आसपास के गांवों के लोग यहां आकर भी कच्ची शराब का सेवन करते हैं। इसके अलावा सुराना से शराब लाकर गांवों और घरों में बेची जाती है। महज 25 रुपये में जानलेवा क्वार्टर मिल जाता है। जबकि शराब की दुकानों पर पव्वे की कीमत 70 रुपये है। चमरावल गांव में भी कई घरों में शराब की अवैध बिक्री होती है। खेकड़ा में भर्ती गांव के सुनील ने भी गांव में अवैध शराब बिक्री की बात कही है।
शराब की अवैध बिक्री का वीडियो वायरल
चमरावल में बृहस्पतिवार को अवैध तरीके से शराब की बिक्री का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में दिख रहा है कि एक घर से शराब की अवैध बिक्री की जा रही है। एक बुजुर्ग बाजार की कीमत से कहीं अधिक रुपये लेकर शराब बेच रहा है।
हर बिंदु पर जांच चल रही है। विभाग ने टीमें गठित की हैं। जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिवारों से भी बातचीत की गई है। शराब से मौत नहीं हुई है।
- जिला आबकारी अधिकारी अखिलेश कुमार