Baghpat News: बिनौली निवासी फिजियोथेरेपिस्ट सुबोध रोधिया बरात लेकर सरूरपुरकलां जा रहा था। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। दुल्हन नेहा का भी रो-रोकर बुरा हाल था।
बिनौली गांव के फिजियोथेरेपिस्ट सुबोध रोधिया और सरूरपुरकलां की नेहा की शादी की खुशियों का माहौल रविवार रात पलभर में मातम में बदल गया। बरात लेकर सरूरपुरकलां गांव आए सुबोध की दुल्हन के स्वागत के लिए घर में तैयारी कर परिवार वाले इंतजार कर रहे थे मगर सोमवार को दूल्हा सुबोध कफन में लिपटकर घर पहुंचा। उसका शव देखते ही घर में चीत्कार मच गई।
विज्ञापन
मां और बहन ने सुबोध को खुशी-खुशी रवाना किया था।
- फोटो : अमर उजाला
मूल रूप से पिचौकरा गांव के रहने वाले फिजियोथेरेपिस्ट सुबोध रोधिया का परिवार कई साल से बिनौली में रह रहा था। सुबोध रोधिया की शादी सरूरपुरकलां गांव की नेहा से तीन माह पहले तय हुई थी। रविवार रात दूल्हा सुबोध बैंड बाजे के साथ बरात लेकर सरूरपुरकलां गांव पहुंचा।
बरात के स्वागत व नाश्ते के बाद चढ़त की तैयारी होने लगी।
चढ़त शुरू होने से पहले दूल्हे सुबोध की तबीयत खराब हो गई और वह सड़क किनारे खड़े होकर उल्टी करने लगा। तभी बड़ौत की तरफ से आए ट्रक ने सुबोध को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सुबोध सड़क पर गिर गया। बराती उसे जिला अस्पताल लेकर जाने लगे मगर उसकी मौत हो गई।
सुबोध कुमार दो भाइयों में छोटे थे, उनके पिता भी बिनौली में क्लीनिक चलाते हैं। रविवार को बरात जाने के बाद उनकी मां ईश्वरी, भाभी हर्षिता, बहन उपासना, शालू समेत अन्य महिलाएं घर में नई दुल्हन के स्वागत की तैयारी कर रही थी। रात में उन्हें दूल्हे सुबोध रोधिया की मौत होने की सूचना मिली तो वहां कोहराम मच गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और उनकी मां ईश्वरी बेसुध होकर जमीन पर गिर गई।
उधर, दूल्हे को टक्कर मारने वाले ट्रक का पता लगाने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी। वहीं सोमवार को दिनभर दूल्हे के ट्रक के आगे खुद कूदने की चर्चा भी रही, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की।
ये बोले एसपी
घटना को लेकर किसी की तरफ से शिकायत नहीं दी गई है। इस तरह की चर्चा रही कि दूल्हा ट्रक के आगे कूद गया था, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। इसमें जिस तरह की तहरीर दी जाएगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - सूरज कुमार राय, एसपी