बागपत। राशन वितरण के लिए दी गई ई-वेइंग मशीनें लेकर बुधवार को जिलेभर के राशन डीलर कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने मशीनोंं के नहीं चलने से लेकर अन्य समस्याएं बताईं। डीलरों ने कहा कि नई मशीन नहीं चलने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राशन डीलरों ने डीएम को सौंपे पांच सूत्रीय ज्ञापन में बताया कि इस बार ई-वेइंग मशीन से राशन वितरण कराया जा रहा है, जिसका ट्रायल ही खराब रहा। उन्होंने बताया कि मशीन खुलने में ज्यादा समय ले रही हैं। मशीन की प्रक्रिया पूर्ण करने में काफी समय लग रहा है और उपभोक्ताओं का कार्ड निरस्त होन बताकर वापस भेज रही हैं।
उन्होंने कहा कि डीलरों को स्टॉक उठने की भी जानकारी नहीं मिल पा रही। समय पर राशन वितरण नहीं होने पर कार्ड धारक भी लगातार हंगामा कर रहे है। उन्होंने पुरानी मशीन से वितरण कराने या फिर नई मशीन की खामियां दूर करने की मांग उठाई। इस मौके पर आनंद, कपिल, प्रमोद, अंशु, शकील, नीलम, कुलदीप समेत अन्य राशन डीलर मौजूद रहे।