बड़ौत। पुरानी रंजिश को लेकर बड़का गांव में शनिवार रात कुछ लोगों ने बुजुर्ग के घर में घुसकर हमला बोल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर भाग निकले। घायल को सीएचसी पर भर्ती कराया। इस संबंध में पीड़ित ने गांव के तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी।
घायल रणवीर उम्र 60 साल पुत्र रामस्वरूप बड़का गांव के रहने वाले हैं। शनिवार रात वे अपने मकान के बाहर बैठे थे, तभी चार-पांच युवक आए और गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने घर में घुसकर धारदार हथियारों से उन पर हमला बोल दिया, जिसमें रणवीर घायल हो गया। घायल रणवीर ने बताया कि कई साल पहले हमलावरों ने बेटे अंकुर पर एक शादी समारोह में बुलाकर हमला कर दिया था, जिसकी कोतवाली में रिपोर्ट कराई गई थी, उसी रंजिश को लेकर हमला बोला। सीओ युवराज सिंह ने बताया कि जल्द ही हमलावर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।