छपरौली। ककौर कलां गांव में कुछ लोगाें ने जेवी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर और उनके परिवार के लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। इसमें असिस्टेंट प्रोफेसर सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया गया, जहां से एक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
घायलों में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अनिल सरोहा, उनके भाई अरविंद सरोहा व उनके पिता सुखपाल पुत्र खड़क सिंह शामिल है। असिस्टेंट प्रोफेसर ने बताया कि दो साल पहले गांव के ही एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति से मकान खरीदा था। बैनामा भी कराया गया था। आरोप है कि इस मकान को अपना बताकर गांव के ही कुछ व्यक्ति आए दिन झगड़ा व मारपीट करते रहते है। रविवार को भी सात-आठ लोगों ने घर मेें घुसकर हमला बोल दिया। शोर सुनकर लोग उधर दौडे़ तो हमलावर फरार हो गए। घायलों में सुखपाल को गंभीर हालत मेें बड़ौत सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उधर, थाना पुलिस का कहना है कि इस संबंध में कोई तहरीर नहीं आई है।