संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। तमेलागढ़ी गांव में एक युवक का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। जिसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के ससुराल वालों ने हत्या होने की आशंका जताई।
परिजनों के अनुसार जितेंद्र (25) पुत्र चैन सिंह रविवार रात अपने दो साथियों के साथ घर में बैठकर शराब पी रहा था और तेज आवाज में डीजे पर गाने बजा रखे थे। डीजे देर रात तक बजता रहा तो उसे बंद कराने के लिए जितेंद्र का चाचा सतीश ने नीचे आकर कमरे में देखा तो वहां जितेंद्र का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। सतीश के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य आ गए और अन्य लोग भी पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने बताया कि जितेंद्र की पत्नी पूजा मायके गई हुई थीं और उसकी तीन बेटियां सोनी, जीविका, मानवी हैं। वहीं इसकी सूचना मिलने पर मृतक के ससुर जीत सिंह व साले कुलदीप वहां पहुंचे और उन्होंने हत्या की आशंका जताई। कार्यवाहक थाना प्रभारी खड़क सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या और आत्महत्या का पता चलेगा।