दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज में छात्राओं को दिए आत्मनिर्भर बनने के टिप्स
बड़ौत। दिगंबर जैन कॉलेज के बीएड विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को सामाजिक अभिरुचि कार्यक्रम के अंतर्गत बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के टिप्स दिए। एसआई रूबी सिंह ने कहा बेटियां खुद को कमजोर न समझें। आत्मनिर्भर बने।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र सिंह, कोतवाली में तैनात महिला एसआई रूबी सिंह, एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक और छात्र नेता प्रांजुल शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान एसआई रूबी सिंह ने छात्राओं को घरेलू हिंसा के प्रति सजग किया और उनके अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा यदि किसी छात्रा का कोई छात्र पीछा करता है या परेशान करता है तो हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत फोन करें। महिला पुलिस उनकी सेवा में सदैव तत्पर रहेगी। उन्होंने कहा कि उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने कहा कि महिला गृह लक्ष्मी होती है वह बेटी, बहन व पत्नी मां के रूप में सदैव अपने उत्तरदायित्व निभाती है। छात्र प्रांजुल शर्मा ने रानी लक्ष्मीबाई, इंदिरा गांधी, कल्पना चावला जैसी प्रेरणास्रोत महिलाओं के चरित्र पर प्रकाश डाला। इसमें महिमा चौधरी, अनुषी जैन ने भी विचार व्यक्त किए। इसमें बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. महेश कुमार मुछाल, डॉ. हरेंद्र मलिक, डॉ. किरण गर्ग, डॉ. कविता अग्रवाल, प्रियांशु, कपिल, अनुज, पारिख जैन, आयुषी जैन, आस्था, मेघा, समीर आदि शामिल रहे।