दाहा। गंगाजल लेकर कांवड़िए निकल चुके हैं और भगवान शिव के जयकारे गूंज रहे हैं। कांवड़िए भी गंगाजल लेकर अपनी मंजिल की तरफ बढ़ रहे हैं और हर कोई उनका स्वागत करने के लिए घरों से बाहर आ रहा है।
सावन माह शुरू होते ही कांवड़ियों की संख्या भी बढ़ने लगी है। हरिद्वार व गोमुख से कांवड़िए बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग से राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा की तरफ रवाना हो रहे हैं। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़िए हर-हर महादेव, बोल बम-बम के जयघोष के साथ नाचते-गाते शिवालयों की तरफ बढ़ रहे हैं। मार्ग भी भोले की जयघोष से भक्तिमय होते जा रहे हैं। क्षेत्र के लोग भी कांवड़ियों की सेवा करने में जुटे हैं और उनका स्वागत कर रहे हैं। वहीं आदर्श नंगला गांव निवासी कांवड़ियां गगन हरिद्वार से गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने के लिए 121 लीटर गंगाजल लेकर भड़ल गांव पहुंचा। उन्होंने कहा कि तब तक गाय को राष्ट्र माता का दर्जा नहीं मिल जाता, जब तक गंगाजल लेकर आएगा। दिल्ली के नरेला निवासी आकाश व विपिन ने बताया कि परिवार में सुख शांति व सरकारी नौकरी के लिए कांवड़ लेकर आए हैं और भगवान शिव भी अपने भक्तों की मनोकामना पूरा करते हैं।
कांवड़ यात्रा को लेकर अधिकारियों ने लोगों की बैठक ली
बिनौली। कांवड़ यात्रा को लेकर शेखपुरा गांव में लोगों के साथ अधिकारियों ने बैठक ली। एसडीएम मनीष यादव व सीओ श्रेष्ठा ठाकुर ने कांवड़ यात्रा को सफल बनाने की अपील की। कहा कि यदि किसी ने माहौल खराब किया तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। इस दौरान थानाध्यक्ष बिनौली शिवदत्त, प्रधान फिरोज खान, महबूब अल्वी, मोहित जैन व विशाल जैन आदि मौजूद रहे।
खाद्य विभाग की टीम ने दुकानों का निरीक्षण किया
बिनौली/दाहा। बड़ौत के खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञ दत्त आर्य ने मिठाई की दुकान व होटल का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानों पर रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए और कहा कि यदि खाने पीने के सामान में मिलावट की तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दाहा-बरनावा मार्ग, पुसार-बराल, दाहा, पुसार, शाहजहांपुर, पलड़ी, दोघट, गांगनौली, बराल आदि में दुकानों का निरीक्षण किया।