- कलक्ट्रेट स्थित लोकमंच में मेले का आयोजन, कृषि योजनाओं की जानकारी दी
- प्रदर्शनी में श्री अन्न के माध्यम से पोषण, खाद्य सुरक्षा और पोषण अपनाने का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कलक्ट्रेट स्थित लोकमंच में एक दिवसीय मिलेट्स मेला सह प्रदर्शनी व जिला स्तरीय तिलहन मेला का आयोजन किया गया। सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि मिलेट्स व तिलहन की खेती करने से किसानों की आय बढ़ेगी। उन्होंने किसानों को कृषि योजनाओं की जानकारी दी।
मेले का शुभारंभ रालोद सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, भाजपा विधायक योगेश धामा व डीएम अस्मिता लाल ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने स्टॉल का निरीक्षण किया। कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजना चला रखी है और इसका उद्देश्य न केवल पोषण और स्वास्थ्य को मजबूत करना है, बल्कि किसानों की आजीविका में सुधार करना भी है। नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल्स और मिलेट्स पुनरोद्धार योजना जैसे प्रयास किसानों को बाजार, तकनीक और योजनाओं से जोड़कर उनकी आय दोगुनी करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
डीएम कहा कि हर परिवार अपने भोजन में एक पोषक मोटे अनाज को जरूर शामिल करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ भविष्य मिल सके। विधायक योगेश धामा ने कहा कि मोटे अनाज की खेती की लागत कम और लाभ अधिक देते हैं। इनसे ग्रामीण रोजगार और महिला स्वयं सहायता समूहों को भी नए अवसर मिल रहे हैं। इस दौरान एडीएम पंकज वर्मा, सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव, कृषि उप निदेशक विभाति चतुर्वेदी, जिला कृषि अधिकारी बाल गोविंद यादव आदि मौजूद रहे।