बड़ौत। कंटेनमेंट जोन से 14 दिन बाद मुक्त होने वाले इलाकों में शुकवार को खासी भीड़ दिखाई दी। दुकानों पर खरीददारी के लिए ग्राहक उमड़ पड़े, वहीं बैंकों पर भी ग्राहकों की लेनदेन कार्य को लेकर लंबी लाइनें दिखाई दी।
लगातार कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद बिनौली रोड, रामबाग कालोनी, अग्रसैन मूर्ति, पत्थर मंडी सहित अन्य एरिया को सील करते हुए कंटेनमेंट जोन में घोषित किया गया था, इस दौरान सभी प्रतिष्ठानों को बंद रखने के लिए निर्देशित किया गया था। शुक्रवार को कंटेनमेंट जोन की अवधि पूरी होने पर इस इलाकों पर पड़ने वाली दुकानों, प्रतिष्ठानों सहित बैंको को खोलने की अनुमति दे दी गयी थी। शुक्रवार को जैसे ही कंटेनमेंट जोन से विमुक्त एरिया खुला तो दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ नजर आई, उधर लेनदेन कार्य के लिए बैंकों पर भी ग्राहकों की लंबी कतारें नजर आई। हालांकि इस दौरान लोग सोशल डिस्टेंस को ठेंगा दिखाते नजर आए। सुबह नौ बजे दुकान खोल दी गई, जिसमें देर रात्रि तक लोग जरूरी सामान की खरीददारी हुई, क्योंकि शनिवार व रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन घोषित किया गया है।