बड़ौत रोड पर ईंट ढोने वाले ट्रक की साइकिल सवार को टक्कर मारने पर दोनों पक्ष उलझ गए। पुलिस ट्रक सवार दो लोगों को कोतवाली लेकर पहुंची वहां पीड़ित पक्ष की महिलाओं ने आरोपियों पर हमला बोल दिया। बीच बचाव को आए होमगार्ड को भी पीट दिया गया। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
राशिद कालोनी निवासी आदिल अपने फुफेरे भाई मुस्तकीम के साथ साइकिल से निरोजपुर रोड अपनी बहन के घर जा रहा था। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित बड़ौत रोड पर पीछे से तेज गति से आए ईंट ढोने वाले ट्रक ने उन्हें साइड मार दी, जिससे वे घायल हो गए।
उन्होंने ट्रक चालक से विरोध किया तो उसमें सवार लोग उनसे उलझ गए। उनमें जमकर मारपीट हुई। वहां हंगामा खड़ा हो गया। कोतवाली पुलिस मौके से ट्रक में सवार दो लोगों को थाने ले आई। थाने में घायलों के परिजनों ने आरोपियों पर हमला बोल दिया। पुलिस उनका बचाव करने लगी तो गुस्साई महिलाओं ने एक होमगार्ड को ही पीट दिया।
आदिल का कहना है कि आरोपी लोगों ने कोतवाली के बाहर मुस्तकीम की मां रूकसाना पर चाकू से हमला किया। इससे वहां हंगामा हो गया। पुलिस ने मामले को शांत कराया। इसके अलावा काठा गांव में बच्चों के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिससे वहां हंगामा हो गया। उन्होंने पुलिस से शिकायत की है।