बागपत में पंचायत चुनाव में सप्लाई के लिए जा रही 850 पेटी शराब से भरे ट्रक को पुलिस और आबकारी की टीम ने संयुक्त रूप से एक तस्कर के साथ गौरीपुर मोड़ के पास पकड़ लिया। शराब की कीमत 45 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस पकड़े गए तस्कर से उसके साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।
पकड़ा गया तस्कर सोनीपत के गढ़ी सिसाना निवासी बलराज (55) है। कोतवाली प्रभारी रनवीर सिंह यादव का कहना है कि आरोपी बलराज, ट्रक में शराब लेकर हरियाणा से आ रहा था। निवाड़ा चौकी पुलिस ने उसे ट्रक रोकने का इशारा किया तो उसने ट्रक नहीं रोका।
पुलिस और आबकारी की टीम ने पीछा कर गौरीपुर मोड़ के पास ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक से 850 पेटी शराब बरामद हुई है। इनमें 805 पेटी अंग्रेजी और 45 पेटी देशी हरियाणा मार्का शराब है। शराब की कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ करने पर आरोपी बलराज ने बताया कि वह शराब को सोनीपत से मोदीनगर लेकर जा रहा था। एसएचओ का कहना है कि शराब चुनाव में सप्लाई के लिए जा रही थी।
पुलिस से बचने को निकाला नया तरीका
बागपत। शराब तस्कर पुलिस और आबकारी की टीम से बचने के लिए हर हथकंडे अपना रहे हैं। पकड़े गए शराब तस्कर बलराज ने खुलासा किया है कि हरियाणा से ट्रक में शराब लाते समय उनके आगे-आगे एक कार चलती है। कार चालक फोन से रास्ते की हर गतिविधियों की कोड वर्ड में जानकारी देते हैं।
कहां पुलिस खड़ी है और कहां पर नहीं। उसे भी सोनीपत का विनोद नाम का युवक पूरी जानकारी दे रहा था। इसके अलावा वाहनों की नंबर प्लेट पर अलग-अलग नंबर होता है। इस ट्रक पर भी अलग-अलग नंबर की प्लेट लगी हुई मिली है।