बड़ौत। नकली वीजा और पासपोर्ट बनाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक गिरोह के एक युवक को गुराना गांव में पुलिस को सूचना देने पर गिरफ्तार किया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इस गिरोह के सदस्य ने पंजाब भटिंडा में लोगों से ठगी की है, इसलिए वहां की पुलिस को सूचना दे दी गई है।
पंजाब पुलिस भी सुबह तक बड़ौत पहुंचेगी। अनीस कुमार और दीपक कुमार निवासी माडर्न टाउन भटिंडा, पंजाब शुक्रवार को बड़ौत पहुंचे। उन्होंने बताया चार मार्च 2017 में गुराना गांव का रवि तोमर पुत्र गुलबीर और उसके साथी उन्हें मिले और उनसे बातचीत की कि उन्हें सिंगापुर का वीजा बनवाना है। इसकी एवज में उन्होंने 1.70 लाख रुपये उन्हें दिए। उसने जो वीजा उन्हें दिए तो वे नकली थे। तभी से वे इसकी तलाश में जुट गए।
दोनों युवक शुक्रवार को भटिंडा से बड़ौत के गुराना गांव में प्रधान रणधीर के घर पहुंचे। रणधीर ने युवकों के बारे में रवि को बुलाया तो वह गाली-गलौच करने लगा।
इसकी सूचना 100 पुलिस को दी तो पुलिस वहां पहुंची और उसे कोतवाली ले आई। पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ करने में जुटी है। ठगी का शिकार अनीस और दीपक ने बताया नकली वीजा और पासपोर्ट बनाने के नाम पर गिरोह ने पठानकोट चंडीगढ़, कलकत्ता, दिल्ली और मेरठ में अपना जाल बिछा रखा है और काफी लोगों को फर्जी वीजा के नाम पर मोटी धनराशि ठग चुके है।
दीपक ने बताया रवि को पकड़ने की सूचना भटिंडा पुलिस को दे दी गई है। वहां की पुलिस शनिवार की सुबह तक यहां पहुंचेगी। कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कोतवाली क्षेत्र से ठगी का कोई मामला प्रकाश में नहीं आया है। पंजाब में उन्होंने ठगी की है, वहां की पुलिस ही इसमें कारवाई करेगी। यहां उन्होंने मारपीट और जान से मारने की धमकी दी है। इन धाराओं में कार्रवाई होगी। यदि पंजाब पुलिस यहां पहुंचती है तो रवि को उनको सौंप दिया जाएगा।