पिलाना। रोशनगढ़-दत्तनगर मार्ग पर स्थित फैक्ट्री के पास गुरुवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने सब्जी विक्रेता को खेत में बंधक बनाया। बदमाश उससे चार हजार रुपये नगद और मोबाइल लूटकर ले गए।
रोशनगढ़ निवासी फारुख ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम करीब चार बजे वह क्षेत्र के गांवों में सब्जी बेचकर ठेले से घर लौट रहा था। रोशनगढ़-दत्तनगर मार्ग पर स्थित फैक्ट्री के पास पहुंचा तो पीछे से पल्सर बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाश उसे ईख के खेत में ले गए और लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे पीटा। बाद में बदमाश उसके हाथ-पैर तौलिये से बांधकर भाग गए।
फारुख ने बताया बदमाशों के जाने के बाद उसने खुद ही हाथ-पैर खोले और वहां से गुजर रहे लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस पहुंची। सभी ने मिलकर घंटों बदमाशों को तलाश किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। थानाध्यक्ष राजपाल ने कहा बदमाशों को पकड़ने के प्रयास हो रहे हैं।