बागपत के बड़ौत के बावली गांव में नलकूप से पानी चलाने के विवाद में भतीजों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए लोहे की सरिये से पिटाई कर चाचा की हत्या कर दी, जबकि अपने चचेरे भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर सीओ और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इस संबंध में घायल अंकुर ने आठ लोगों को नामजद कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बावली गांव निवासी ब्रहमपाल सिंह (55) पुत्र मलूक सिंह और उसका घायल बेटा अंकुर बीटेक का छात्र है। पुलिस के मुताबिक ब्रह्मपाल का अपने ही बड़े भाई स्वर्गीय धीर सिंह के बेटों सुधीर, विनोद आदि से नलकूप से पानी चलाने को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार की सुबह ब्रह्म सिंह और उसका बेटा अंकुर खेत में पानी चला रहा था। इस बीच आठ लोग हथियारों से लैस होकर आए। इन लोगों ने लोहे की सरियों से दोनो की पिटाई शुरू कर दी। आरोपी आठों लोग दोनों को मरा समझकर भाग निकले। इस घटना की सूचना पर परिजन उन्हें लेकर बड़ौत एक निजी अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने ब्रह्म सिंह को मृत घोषित कर दिया। ब्रह्म सिंह की मौत से परिवार के सदस्यों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा।
उसकी पत्नी उषा और बेटा अंकित का रोते रोते बुरा हाल था। इस मामले में अंकुर ने आठ लोगों को नामजद कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस घटना की सूचना पर सीओ कर्मवीर सिंह, कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाकर दबिश के लिए भेजी, लेकिन कोई हाथ नहीं लग सका। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की छानबीन के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।