पुलिस द्वारा पकड़े गए वाहन चाेर।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर पुलिस ने बाइक चोर गैंग के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से नौ बाइक और दो स्कूटी बरामद की हैं। हसनपुर चौक पर मंगलवार को वाहनों की चेकिंग के लिए अभियान चलाया गया।
इस पर पुलिस ने हसनपुर चौक पर एक स्कूटर पर आ रहे दो युवकों को रोक लिया। दोनों युवकों को पकड़कर पूछताछ की तो बाइक चोरी की वारदात का खुलासा हुआ।
पकड़े गए दोनों युवकों ने अपना नाम मोनू निवासी कांकरकुई थाना रामपुर एवं चंचल निवासी संदल सिंह का बेहड़ा, थाना फतेहपुर बताया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो चाकू भी बरामद किए।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने एक्टिवा स्कूटर दिल्ली रोड स्थित सब्जी मंडी से चोरी किया। एक बाइक साउथ सिटी से, एक बाइक पेगासस अस्पताल, वसंत विहार से चोरी की। जबकि अन्य बाइक आसपास के शहरों से चोरी की।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर ग्राम लंढोरा के रास्ते पर स्थित गुलबहार के बाग से नौ बाइक एवं दो स्कूटर बरामद किए। एसपी सिटी ने बताया कि सभी बरामद वाहनों के विषय में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों द्वारा कुछ वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई है तथा वाहनों को चोरी कर सस्ते दामों में बेचने की फिराक में थे।