बागपत। युवती से छेड़छाड़ को लेकर युवकों के दो गुटों में पहले रोडवेज बस में मारपीट हुई। बाद में अग्रवाल मंडी टटीरी में आपस में भिड़ गए। इससे वहां पर हंगामा हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि अन्य युवक फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती से छेड़छाड़ को लेकर युवकों के दो गुटों में विवाद चल रहा है। बुधवार सुबह मेरठ की ओर से आ रही रोडवेज बस में उन युवकों का विवाद हो गया। उनकी बस में मारपीट हुई। कस्बा अग्रवाल मंडी टटीरी में पहुंचने के बाद रेलवे गोदाम के पास उनके बीच जमकर मारपीट हुई। एक-दूसरे पर पथराव भी किया। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख युवक भागने लगा। एक युवक दुकान में घुस गया। पुलिस ने उसे दुकान से हिरासत में ले लिया। युवक ने बताया कि वह सिंघावली अहीर क्षेत्र के एक गांव का है। वह कोचिंग करने के लिए कस्बा में आ रहा था। उसके साथ कुछ युवकों ने मारपीट की है, जबकि उसका कोई विवाद नहीं था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बड़ौत गई युवती लापता
बागपत। रमाला क्षेत्र के एक व्यक्ति ने एसपी कार्यालय में दिए शिकायत पत्र में बताया कि उसकी 24 वर्षीय बेटी 13 फरवरी को फार्म जमा करने के लिए बड़ौत गई थी। उसके बाद वापस नहीं लौटी। इंतजार करने के बाद उसको आसपास और रिश्तेदारी में काफी तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इससे वे काफी परेशान है। उसने एसपी से अपनी बेटी की बरामदगी की मांग की है।