पुलिस ने बड़ौली गांव के पास मुठभेड़ के बाद तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी भाग निकला। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से दो तमंचे और लूटी गई बाइक बरामद की है।
कई अन्य लूट की घटनाओं को भी स्वीकार किया है। एसपी ने पुलिस पार्टी को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
मंगलवार को कोतवाली में आयोजित पत्रकार वार्ता में एएसपी विद्या सागर मिश्र ने बताया कि मंगलवार को सीओ सीपी सिंह के नेतृत्व में बड़ौत थाना प्रभारी रामजीलाल, उपनिरीक्षक मधुर श्याम, कर्म सिंह पुंडीर, एचसीपी कुंवरपाल, कांस्टेबल चंद्राभिषेक और अनुज राणा बड़ौली स्थित बाग के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान बड़ौत की ओर से बाइक पर चार युवक आए, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस पर युवकों ने पुलिस पर तमंचे से गोली चलाई, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिसकर्मियों ने घेरकर तीन बदमाशों को बाइक सहित पकड़ लिया, जबकि उनका एक साथी भाग निकला।
एसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों के नाम बड़ौत के नवयुग कॉलोनी निवासी मयूर उर्फ रवि पुत्र सुखदेव, रामनगर कॉलोनी निवासी छोटू उर्फ पंकज पुत्र सतपाल कश्यप और पीएन शर्मा पार्क निवासी विक्रांत उर्फ मुन्ना पुत्र बब्बल है।
आवास विकास कॉलोनी निवासी अमित पुत्र वीरसैन फरार हो गया। बदमाशों ने पूछताछ के दौरान बताया कि 13 सितंबर को रात में 8.30 बजे दिल्ली-सहारनपुर रोड पर एक राहगीर से बाइक और दो हजार रुपये लूटे थे। 14 सितंबर को दिनदहाड़े बावली-बरवाला मार्ग पर सुरेशपाल पुत्र रामकिशन से बाइक और नौ हजार रुपये लूटे थे। पुलिस ने बदमाशों के पास से लूटी गई बाइक भी बरामद की है।
पुलिस के मुुताबिक बदमाशों ने एक माह पूर्व ट्योढ़ी गांव के पास एक व्यक्ति से बाइक व 14 हजार रुपयेे लूट की वारदात स्वीकार किया है। एएसपी विद्याल सागर मिश्र ने बताया कि एसपी शरद सचान ने बदमाशों को पकड़ने वाली टीम को पांच हजार का इनाम देने की की घोषणा की है।