चांदीनगर। लहचौड़ा गांव में बुधवार की रात चोरों ने तीन मकानों से डेढ़ लाख रुपये की नगदी समेत करीब पांच लाख रुपये का कीमती सामान चोरी कर लिया। चौथे मकान में भी वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया, मगर जाग होने पर चोर फरार हो गए। घटना से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
लहचौड़ा गांव निवासी किसान गजे सिंह का परिवार बुधवार रात मकान के आंगन में सोया हुआ था। देर रात चोर छत के रास्ते से मकान में घुस आए। चोर मकान से 50 हजार रुपये नगद, आभूषण और कीमती सामान चोरी करके ले गए। गांव के ही रामभूल के मकान से 60 हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान चोरी किया।
इसी तरह केसूराम शर्मा के मकान से 40 हजार रुपये नगद, आभूषण और घरेलू सामान चोरी करके ले गए। चोरों ने उनके कमरों को बंद कर कपड़ों से बाध दिया था। ताकि जाग होने पर कोई बाहर न निकल पाए। चोर गांव के रामपाल के मकान में भी घुसे। बल्ब बंद करते ही परिवार के लोग जाग गए। उन्होंने शोर मचा दिया। चोर वहां से फरार हो गए।
बृहस्पतिवार की सुबह जब तीनों परिवार के लोग उठे तो उन्हें घटना का पता चला। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौका मुआयना किया। गांव के लोग घटना को लेकर काफी परेशान है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर केस का खुलासा करने की मांग की है। साथ ही आरोप लगाया कि पुलिस गांव में गश्त नहीं करती।
उधर, चांदीनगर थाना प्रभारी अमर सिंह पंवार का कहना है कि चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही केस का खुलासा कर दिया जाएगा।