बागपत। पुलिस के खेल अजब गजब हैं। केतीपुरा में कपड़ा व्यापारी के घर वारदात में फिर से घालमेल हुआ। पीड़ित परिवार ने बदमाशों की संख्या 12-13 बताई थी, लेकिन मुकदमा दर्ज हुआ तो पुलिस ने इनकी संख्या लिखी है चार। इससे गुस्साए पीड़ित परिवार के लोग एसपी दफ्तर पहुंचे। एसपी अजय शंकर राय को पूरे मामला कह सुनाया।
शहर के पुराना कस्बा स्थित केतीपुरा मोहल्ले में रविवार की रात में 12-13 बदमाशों ने कपड़ा व्यापारी के परिवार को बंधक बनाकर तमंचे के बल पर लाखों रुपये की डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। इस वारदात के बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर अपनी कागजी कार्रवाई पूरी की और वापस लौट गई।
पीड़ित परिवार ने पुलिस को बदमाशों की संख्या 12-13 बताई थी, यही नहीं कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों का हुलिया बताया था। खेल यह हुआ पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की, बल्कि वारदात में सिर्फ चार बदमाश दर्शाए । इससे पीड़ित परिवार में रोष है। सोमवार को पीड़ित अब्दुल हक के साथ मोहल्ले के दर्जनों लोग एसपी अजय शंकर राय से मिले। शिकायती पत्र सौंपा। डकैती को पुलिस ने लूटपाट में दर्शाया है। बदमाशों की संख्या भी कम कर दी हैं। पीड़ितों ने एसपी से जल्द वारदात का खुलासा करने और डकैती में गए सामान, नगदी को बरामद करने की मांग की। इसमें शहजाद, गुल्लू सभासद, हाजी लियाकत, हाजी कय्यूम, भूरा कुरैशी, हाजी इकबाल, बिल्लू कुरैशी, हाजी इमरान आदि रहे।
केतीपुरा डकैती में दस लोग हिरासत में
बागपत। केतीपुरा के कपड़ा व्यापारी के यहां हुई डकैती के मामले में पुलिस ने 10 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इस घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द केस का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है। रविवार तड़के करीब 12 बदमाशों ने शहर के केतीपुरा मोहल्ला स्थित कपड़ा व्यापारी अब्दुल हक के परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया था। इसके बाद बदमाशों ने लाखों रुपये की डकैती की घटना को अंजाम दिया था। बदमाशों के जाने पर परिजनों ने शोरशराबा किया था, जिसके बाद मोहल्ले के लोग एकत्र हुए। इसकी जानकारी पुलिस को दी थी।
काफी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। आस-पास के क्षेत्रों में कांबिंग की, पर कोई सफलता हाथ नहीं लगी। घटना के बाद पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए प्लान बनाया, जिसके बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने दस लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है। पूछताछ और जांच पड़ताल में जो भी सामने आएगा, उसी आधार पर कार्रवाई को तेज किया जाएगा। हिरासत में लिए गए लोगों से भी कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
डकैती के बाद सहमे
बागपत। घटना के बाद से परिजनों के साथ-साथ मोहल्ले के लोग भी सहमे हुए हैं। मोहल्ले के लोग देर रात तक अपने परिवार की रखवाली कर रहे हैं। पुलिस ने भी गश्त तेज कर दिया है। लोगों ने घटना का खुलासा करने और नियमित रूप से पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग पुलिस से की है।