दो दिन से लापता छात्र की हत्या कर दी गई। बुधवार को उसका शव नाले में मिला। सूचना पर सीओ पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के भाई ने छह लोगों पर रंजिश में गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लोयन मलकपुर गांव निवासी अमित (22) पुत्र रामनिवास नगर के एक कालेज में होटल मैनेजमेंट का कोर्स कर रहा था। उसके पिता नगर पालिका में ठेकेदार हैं। अमित सोमवार की रात गांव में ही सत्संग में भाग लेने गया था और तभी से लापता था। बुधवार की सुबह उसका शव मलकपुर से गुजरने वाले नाले में पड़ा मिला।
मामले की जानकारी मिलते ही सीओ रामानंद कुशवाह, कोतवाली प्रभारी रणवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार अमित के गले पर गहरा निशान है, जिससे आशंका है कि उसकी हत्या फांसी लगाकर की गई है।
इस मामले में मृतक के भाई रविंद्र कुमार ने खुशी राम, बालिस्टर, रोहताश, अशोक, सच्चा व मोनू को नामजद कराया है। कोतवाली प्रभारी रणवीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया फांसी लगाकर हत्या करना प्रतीत हो रहा है, लेकिन सही खुलासा तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही किया जा सकेगा।
उधर, अमित के पिता रामनिवास ने बताया कि छह माह पूर्व अमित पर जानलेवा हमला हुआ था। जिसमें खुशीराम, बालिस्टर, अशोक व संजय जेल गए थे। संजय अभी भी जेल में है और अन्य जमानत पर छूट गए थे। आरोपी पक्ष उन पर फैसले का दबाव बना रहा था। इसी को लेकर अमित की हत्या की गई है।