कोतवाली क्षेत्र के एक भट्टे पर तीन लोगों ने दो बहनों को बंधक बना लिया। इसके बाद बड़ी बहन को तमंचे से आतंकित कर छोटी के साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उन्हें कार्रवाई न करने की धमकी भी दी। पीड़ित परिवार ने एसपी से मिलकर मामले की शिकायत की है।
रमाला क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि वह परिवार के साथ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के पास स्थित भट्टे पर ईंट पथाई का काम करते हैं। 26 मई को उसकी दो नाबालिग बेटियां और बेटा भट्टे पर अकेले थे।
आरोप है कि रात करीब दो बजे उनके गांव के तीन युवक उसके बच्चों के पास पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने उसकी बड़ी बेटी को तमंचे से आतंकित कर दिया तथा छोटी बेटी को कमरे में ले जाकर एक युवक ने दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर उनके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने जाते समय धमकी दी कि इस संबंध में कोई कार्रवाई की गई तो जान से मार दिया जाएगा।
शुरुआत में तो पीड़ित परिजन आरोपियों की दहशत के चलते पुलिस के पास शिकायत करने भी नहीं गए। शनिवार को हिम्मत जुटाकर पीड़ित परिवार ने एसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।