शहर की पछैया बस्ती में पुलिस व आबकारी टीम ने शनिवार को संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी अभियान के दौरान टीम ने हजारों लीटर लहन नष्ट कर शराब बनाने के उपकरण बरामद किए । पुलिस ने कई लोगों को हिदायत देकर छोड़ दिया। पुलिस की छापेमारी अभियान चलते देख मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग अपने घरों में ताला लगाकर भाग गए।
जिला आबकारी अधिकारी रामशरण व आबकारी इंस्पेक्टर बी के तिवारी के नेतृत्व में पछैया बस्ती में छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने घरों के ताले तोड़कर घरों में रखी अवैध शराब बरामद की और हजारों लीटर लहन नष्ट किया। पुलिस टीम को पछैया बस्ती में आते देख लोग अपने-अपने घरों में ताला लगाकर भाग गए। पुलिस ने शराब बनाने के उपकरण अपने कब्जे में लेकर कोतवाली भिजवा दिया।
कई लोगों को हिदायत देते हुए छोड़ दिया गया। पुलिस टीम की ओर से घरों में घुसकर लहन नष्ट किए जाने पर महिलाआें ने विरोध किया तो जिला आबकारी अधिकारी रामशरण ने कहा कि किसी भी सूरत में अवैध शराब का कारोबार नहीं होने दिया जाएगा। अगर कोई व्यक्ति अवैध शराब का कारोबार करते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान एसआई निसारूद्दीन, सुधीर कुमार, चर्तुगुण, शंकर सिंह, आरती, प्रियंका यादव, विजय कुमार आदि मौजूद रहे।
छापामारी से पहले भागे अवैध शराब कारोबारी
आबकारी पुलिस टीम जब भी पछैया बस्ती में छापा मारा जाता है। उसके पहले अवैध शराब कारोबारी फरार हो जाते हैं। इस बार भी यही हुआ छापेमारी से पहले शराब करोबारी भाग गए। सवाल उठता है कि आखिर कौन है जो पहले से ही इन लोगों को छापेमारी की सूचना देता है।