बड़ौत क्षेत्र की 11वीं की छात्रा का अपहरण कर मथुरा में गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि जूतों की एजेंसी के संचालक ने छात्रा का 11 मई को अपहरण किया। उसे मथुरा में ले जाकर बंधक बना लिया और अपने जीजा के साथ मिलकर उसकी आबरू लूटी।
20 मई को आरोपी पीड़ित छात्रा को शहर के रेलवे स्टेशन के पास बेहोश हालत में छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित छात्रा और उसके परिजनों ने शनिवार को एसपी दफ्तर पर पहुंचकर मामले की शिकायत दी है।
छात्रा के पिता का कहना है कि वह जूते-चप्पलों की एजेंसी पर नौकरी करता है। उसकी 16 वर्षीय बेटी कक्षा 11 में पढ़ती है। 11 मई की दोपहर करीब तीन बजे उसकी बेटी खाना लेकर एजेंसी पर आई थी। उसके बाद वह घर नहीं लौटी थी।
तलाश करने के बावजूद उसका कहीं पता नहीं चला था। घटना की शिकायत कोतवाली में की गई थी। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे पड़ोस के एक व्यक्ति ने जानकारी दी कि उनकी बेटी बेहोशी की हालत में रेलवे स्टेशन के पास पड़ी हुई है। वह परिजनों के साथ बेटी को लेकर घर आया।
होश में आने के बाद बेटी ने जानकारी दी कि उसे 11 मई को एजेंसी संचालक ही घर छोड़ने के बहाने अपनी बाइक पर बैठकर ले गया था। इस दौरान उसने उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई। उसे पीते ही वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसने खुद को मथुरा में आरोपी युवक की बहन के घर पर पाया। आरोप है कि एजेंसी संचालक ने अपने जीजा के साथ मिलकर नौ दिन तक उससे सामूहिक रूप से दुष्कर्म किया।
पिता के मुताबिक, इस वारदात में एजेंसी संचालक की बहन की भी संलिप्तता है। इससे वे काफी परेशान हैं। उन्होंने शनिवार को एसपी दफ्तर में पहुंचकर घटना की शिकायत की है। इस संबंध में बड़ौत कोतवाली प्रभारी वीके सिंह का कहना है कि उनके पास इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत जाती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।