क्षेत्र के ग्राम हसनपुर मसूरी में रुपये के लेन देन को लेकर अलग अलग समुदाय के दो पक्षों में हुए संघर्ष में महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। इसमें से एक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना क्षेत्र के ग्राम हसनपुर मसूरी निवासी रविश और रोजू पक्ष के बीच शनिवार की दोपहर करीब बारह बजे लेन देन को लेकर हुई कहासुनी संघर्ष में बदल गई। इस दौरान देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी डंडे एवं धारदार हथियार चले।
संघर्ष में एक पक्ष के रविश, उसके भाई टिंकू, मां चरनो देवी एवं दूसरे पक्ष के सलमान और कल्लू समेत पांच लोग घायल हो गए। संघर्ष की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों के बीच संघर्ष किसी तरह शांत कराया।
पुलिस ने घायलों को सीएचसी खेकड़ा में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद रविश को सिर और पैरों में गंभीर चोट आने के कारण रेफर करने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया। और चार अन्य को छुट्टी दे उनके घर भिजवा दिया।
मारपीट अलग अलग समुदाय के लोगों मे होने के कारण दोनो के घर पुलिस तैनात कर दी। साथ ही पुलिस ने तहरीर लेकर दोनों पक्षों की एक दूसरे के खिलाफ थाने पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी ने कहा रविश के रोजू पर कुछ रुपये थे। उन्हें मांगने पर मारपीट हुई। जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। साथ ही ग्राम प्रधान दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के प्रयास में जुटे हैं।