खेकड़ा थाना क्षेत्र के रावण उर्फ बड़ागांव में एक नाबालिग लड़के की शादी की जा रही थी। सीडब्ल्यूसी और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवाई। परिजनों को हिदासत दी यदि शादी की तो कार्रवाई की जाएगी।
बड़ागांव में एक नाबालिग लड़के की शादी की तैयारी चल रही थी। इसकी शिकायत डीएम से की गई। जिलाधिकारी भवानी सिंह ने जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रद्धा गुप्ता को बाल विवाह रुकवाने के निर्देश दिए।
दूसरी तरफ इसकी शिकायत न्यायपीठ बाल कल्याण समिति के पास पहुंची। न्यायपीठ के न्याय प्राधिकारी आर यादव और मालती शर्मा ने मामले को गंभीरता से लिया। मंगलवार को न्यायपीठ और जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर बाल संरक्षण अधिकारी दीपांजलि खेकड़ा पुलिस के साथ गांव में पहुंची।
उन्होंने नाबालिग लड़के की आयु की पड़ताल की तो शिकायत सच साबित हुई। प्राइमरी स्कूल के कक्षा पांच के सर्टिफिकेट में उसकी उम्र करीब 17 वर्ष पाई गई। इस पर बाल संरक्षण अधिकारी और पुलिस ने लड़के के परिजनों को नाबालिग का विवाह नहीं करने की हिदायत दी और उनसे लिखित में बाल विवाह नहीं करने का शपथ पत्र भी ले लिया।