हत्या कर युवक को हाईवे पर गौरीपुर गांव में फेंकने के मामले में चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। उधर, उनके परिजनों ने उनको निर्दोष बताते हुए छोड़ने की मांग की है।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गौरीपुर गांव में शुक्रवार सुबह मुजफ्फरनगर के गांव शादपुर निवासी युवक सावेज (20) पुत्र शाहनवाज का शव पड़ा हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची। उसकी जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी शनाख्त हुई थी। जो गाजियाबाद के मुस्तफाबाद निवासी एक व्यक्ति के ट्रैक्टर-ट्राली पर ईंट ढुलाई का काम करता था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतक के पिता शाहनवाज का कहना है कि दो माह की मजदूरी के रुपये न देने पड़े, इसलिए उसकी हत्या की है। क्योंकि सावेज उनसेे अपने रुपये का तगादा कर रहा था।
उसकी तहरीर पर मुस्तफाबाद निवासी आरिफ, मांगे, शिवकुमार व गौरीपुर निवासी अमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुई है। पुलिस ने एक नामजद आरोपी समेत दो लोगों को हिरासत में ले रखा है।
पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों की माने तो आरोपियों ने पुलिस को कई अहम जानकारी दी है। पुलिस उनको तस्दीक करने में लगी हुई है। उधर हिरासत में लिए गए युवकों के परिजन कोतवाली पहुंचे।
उनका कहना है कि पकड़े गए युवकों का इस केस से कोई लेना देना नहीं है। एक महिला ने तो कहा कि उसके पति तो मकान में सोए हुए थे। पुलिस उन्हें मकान से ही लेकर आई है। उधर, कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो