बागपत। आकाश शामली के साथी संदीप किरठल को पुलिस ने रमाला में बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से तमंचा और तीन कारतूस बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी आकाश के साथ मिलकर घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस के मुताबिक किरठल गांव का आरोपी संदीप बुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे रमाला गेट के पास खड़ा हुआ था। मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुए। रमाला थाना प्रभारी समय सिंह का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी संदीप ने बताया कि उसका इरादा राहगीरों से लूट करने का था। सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह आकाश शामली का साथी है।
अमित उर्फ भूरा किरठल के पास आकाश शामली काफी समय से आता रहता था। अमित ने ही उसकी मुलाकात आकाश से कराई थी। वह आकाश के साथ मिलकर लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
उसने अपने कई साथियों की जानकारी दी है। एसओ का कहना है कि आकाश के साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
आकाश उत्तराखंड में करता था सबसे ज्यादा वारदात
बागपत। आकाश शामली को पुलिस ने गिरफ्तार कर दो दिन पूर्व जेल भेज दिया, लेकिन पुलिस अभी तक उसके जुर्मों का काला चिट्ठा भी तैयार नहीं कर पाई है।
एसपी रवि शंकर छवि का कहना है कि आकाश सबसे ज्यादा उत्तराखंड में अपराध करता था। वहां के हर जनपद में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। उस पर 50 से अधिक मुकदमे हैं। पूरे मुकदमों की अभी जानकारी नहीं मिल पाई है।