कोतवाली के सामने कुरैशियान मोहल्ले में पिछले दिनों गोकशी की सूचना पर मारे गए छापे में दो लोगों को गिरफ्तार किया था और भारी संख्या में गोमांस व गोवंश बरामद हुआ था। इस मामले में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने रविवार को मोहल्ला कुरैशियान और कैराना में ताबड़तोड़ छापे मारे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
गोकशी में 15 लोगों को नामजद किया गया था, जिसमें दो मौके पर पकड़े गए थे और दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर में जुलूस निकाल तहसील में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को भी सौंपा था। लेकिन, अभी भी इस मामले में 11 आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
कोतवाली प्रभारी वीके सिंह ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी के लिए शनिवार की रात कैराना व कुरैशियान मोहल्ला बड़ौत में ताबड़तोड़ छापे मारे गए। हालांकि इस दौरान पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस का कहना है कि आरोपियाें की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं, शीघ्र उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, आरोपियों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है।