दोघट। भड़ल गांव के जंगल में शराब बनाने की भट्ठी पर छापा लगाकर पुलिस ने भारी मात्रा में नकली शराब पकड़ी है। पुलिस को देखकर शराब बना रहे लोग भाग निकले, लेकिन पुलिस ने भागते समय एक युवक को दबोच लिया। पुलिस को यहां से शराब के पव्वे, शराब बनाने के उपकरण, खाली बोतलें बरामद हुई है।
थानाध्यक्ष चितवन कुमार को सूचना मिली भड़ल गांव में नितिन पुत्र चांदवीर के खेत में भट्ठी लगाकर नकली शराब बनाई जा रही है। इस सूचना पर उन्होंने एसआई रणधीर सिंह को पुलिस बल के साथ छापा लगाने भेजा।
पुलिस ने नितिन के खेत में जाकर देखा तो वहां पर भट्ठी लगाकर नकली शराब तैयार की जा रही थी। पुलिस को देखकर शराब बना रहे लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने नईम निवासी भड़ल को धर दबोचा। पुलिस को मौके से 93 लीटर नकली शराब, 248 पव्वे अंग्रेजी मार्का, 48 पव्वे अर्द्ध मिश्रित शराब, 10 लीटर की शराब से भरी कैन, 40 पव्वे खाली, तीन किलो यूरिया, डेढ़ किलो नौसादर, खाली बाल्टी बरामद हुई हैं।
पुलिस ने शराब की भट्ठी को तोड़ डाला और बरामद सामान और नकली शराब के साथ नईम को थाने ले गई। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पकड़े गए युवक ने साथियों के नाम भी पुलिस को बता दिए हैं। एसओ ने बताया फरार लोगों को भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।