सिंघावली थाने में रखे बरामद अवैध हथियार और बनाने के उपकरण।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जनपद में एक बार फिर तमंचे बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। इस बार तो बंद पड़ी सरकारी डेयरी में यह गोरखधंधा चल रहा था। सिंघावली अहीर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर बने और अद्र्ध बने तमंचे बरामद किए हैं।
सिंघावली अहीर क्षेत्र के पिलाना भट्ठे के पेट्रोल पंप के निकट सरकारी भवन है। इसमें करीब 10 साल पहले डेयरी चलती थी। वर्तमान समय में सरकारी डेयरी परिसर में कोई नहीं रहता है। पुलिस को मुखबिर की सूचना पर पता चला कि कुछ लोग वहां पर अवैध असलाह बना रहे हैं। थाना पुलिस की टीम ने रविवार को शामके समय वहां छापामारी की तो एक युवक भागने में कामयाब हो गया। जबकि उसका साथी पकड़ गया।
पुलिस पूछताछ में उसने खुद को सैड़भर निवासी सरफराज बताया। उसने बताया वह अपने साथी के साथ तमंचे बनाता है और क्षेत्र में सप्लाई करता है। पुलिस ने वहां से 315 बोर के तीन तमंचे, 12 बोर के दो तमंचे, एक नाल, दो तमंचे अद्र्ध बने और अन्य उपकरण बरामद किए।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार भारती ने बताया आरोपियों का इरादा विधानसभा चुनाव में तमंचे सप्लाई करना था। फरार आरोपी रहीसू को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। इससे पहले निरपुड़ा और बावली गांव में तमंचे बनाने की फैक्ट्री पकड़ी जा चुकी है। इससे पता चलता है क्षेत्र में तमंचे बनाने का गोरखधंधा बड़े स्तर पर चल रहा है।