बागपत सीएचसी में लोगो से घटना की जानकारी लेते पुलिसकर्मी
- फोटो : amar ujala
बागपत। क्षेत्र के गांव संतोषपुर में प्रत्याशी को वोट न देने पर सोमवार सुबह महिला के कपडे़ फाड़ दिये। पुलिस से शिकायत की तो आरोपियों ने पीड़ित महिला के पूरे परिवार पर हमला कर दिया। इसमें पांच सदस्य घायल हो गए। आरोपी मकान से एक युवक का अपहरण करके ले गए।
संतोषपुर गांव के जग रोशन ने बताया गांव के कुछ लोग उन पर विधानसभा चुनाव में अपने समर्थक प्रत्याशी को वोट डालने का दबाव बना रहे थे। सोमवार को सुबह करीब पांच बजे उसकी पत्नी गांव के बाहर गोबर डालकर लौट रही थी। मकान के पास पहुंचते ही पड़ोसी युवक उससे वोट की जानकारी करने लगा। न बताने पर आरोपी ने अपने भाई और साथी के साथ मिलकर उसकी पत्नी के साथ मारपीट की और कपडे़ फाड़ दिये।
घटना की पुलिस से शिकायत की। इससे गुस्साए आरोपियों ने शाम को अपने साथियों के साथ मिलकर परिवार पर हमला बोल दिया। इससे उसकी पत्नी, बेटा ललित और राहुल, पुत्रवधू पूनम, बेटी पूजा घायल हो गई। पुत्रवधू गर्भवती है। इसके बावजूद आरोपियों ने उसके पेट में लात मारी। आरोपी मकान में तोड़फोड़ कर उसके साले के बेटे कन्हैया को गाड़ी में डालकर ले गए। दोबारा धमकी दी यदि पुलिस से शिकायत की तो उनको जान से मार दिया जाएगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वारदात स्थल का निरीक्षण किया और घायलों का सीएचसी में इलाज कराया। कोतवाली एसएसआई हेमेंद्र बालियान ने कहा तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। देर रात तक युवक बरामद नहीं हो सका।
पुलिस की लापरवाही से हुआ हमला
बागपत। पीड़ितों ने कहा शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। इसी का नतीजा हुआ कि आरोपी मकान में घुसकर पूरे परिवार पर हमला करके चले गए। पुलिस जरा भी गंभीर होती तो आरोपी उन पर हमला नहीं कर पाते।