करोड़ों रुपये की चपत लगा चुकी नोएडा की एक कंपनी के खिलाफ बागपत में 24 घंटे में 25 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। पीड़ितों की लिस्ट के अनुसार अभी ओर भी मुकदमा दर्ज होंगे। कई पीड़ितों ने कंपनी के साथ-साथ कंपनी संचालकों और एजेंटों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घर बैठकर इंटरनेट के माध्यम से मोटी कमाई का लालच देकर नोएडा की एक कंपनी ने बागपत के भी हजारों लोगों को अपने जाल में फंसा लिया था। उनको सोशल साइट पर लिंक लाइन करने के रुपये देने की बात कहीं थी। नोएडा एसटीएफ ने जनवरी माह में छापामारी कर इसकी पोल खोल दी थी। कंपनी चलाने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।
तभी से अफसरों के पास शिकायतेें पहुंचनी शुरू हो गई थी। पीड़ितों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए अफसरों ने एक ई-मेल बना दी थी। बागपत के 29 लोगों ने शिकायत की। इनमें कई ऐसे हैं, जिनके साथ उनके परिवार के कई-कई सदस्य जुड़े हैं। डीआईजी मेरठ के माध्यम से शिकायत कर्ताओं की सूची बागपत एसपी के पास पहुंची।
पीड़ितों की शिकायत पर शुक्रवार की रात से शनिवार को देर शाम तक 25 मुकदमे एबलेज इंफो सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ दर्ज हो चुके हैं। कई पीड़ितों की शिकायत पर कंपनी चलने के आरोपी अनुभव मित्तल पुत्र सुनील मित्तल निवासी किशनगंज पिलखुवा, उनकी पत्नी आयुशी मित्तल, श्रीधर प्रसाद विशाखापट्नम (आध्र प्रदेश), महेश दयाल पुत्र गोपाल निवासी कामायी बरसाना मथुरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई।
एसपी अजय शंकर राय ने कहा संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज हो रही है। केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कंपनी से संपर्क कराने वाले एजेंटों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। ऐसे कई लोगों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज हुई।
बड़ौत प्रतिनिधि के अनुसार नोएडा की एक कंपनी के खिलाफ छह लोगों ने कोतवाली में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित अंकित तोमर पट्टी मोहल्ला बावली, सुमित महावतपुर बावली, राज कुमार जैन बड़ौत, देवेंद्र नेहरू रोड बड़ौत, संजीव कुमार महावतपुर बावली, आकाश तोमर महावतपुर बावली ने यूपी एसटीएफ से शिकायत की थी, यूपी एसटीएफ ने संबंधित शिकायतों को कोतवाली भेजा।
उन्होंने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि 57500 रुपये उनसे जमा कराए। इस दौरान 125 क्लिक करने पर पांच रुपये प्रति क्लिक मिली थी, लेकिन एक भी पैसा नहीं मिला। इस पर कोतवाली में एमलेज इनफो सोशलवेशन प्राइवेट लिमिटेड 163 नोएडा के खिलाफ धारा 420, 406, 467, 468, 471, 120बी आईपीसी व 3/4 प्राइज एंड मनी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अधिवक्ता के परिवार को भी लग चुकी है चपत
बागपत। बागपत के एक अधिवक्ता के परिवार को भी फर्जी कंपनी चपत लगा चुकी है। पीड़ित परिजनों ने अफसरों से कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।
एसटीएफ की मदद करने को सामने आ रहे लोग
बागपत। शहर के विनीत कुमार आर्य ने एसटीएफ द्वारा जारी की गई ई-मेल के माध्यम से अवगत कराया कि इस कंपनी के बागपत में कई एजेंट हैं। वह इस मामले में पुलिस का सहयोग करने को तैयार हैं। बागपत में जब भी जांच के लिए एसटीएफ आए, इसकी उनको जरूरी जानकारी दे।
कहां कितने केस दर्ज
थाना मुकदमे
बड़ौत - 6
चांदीनगर - 5
बागपत - 4
रमाला - 4
छपरौली - 3
दोघट - 2
बालैनी - 1